Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

स्लोवाकिया का सम्मान प्रधानमंत्री को वैश्विक स्तर पर अर्जित विश्वास की मान्यता : भाजपा

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किए जाने के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को इसे ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और कहा कि यह देश में उनके जनकल्याणकारी कार्यों तथा वैश्विक स्तर पर अर्जित विश्वास की मान्यता है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री को यह सम्मान दिया जाना देश के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा, “इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विभिन्न देशों के कुल 33 सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। ये सम्मान उन्हें उनके विकास कार्यों और भारत के साथ-साथ दुनिया भर में अर्जित विश्वास के लिए दिए गए हैं।”

भाजपा सांसद ने कहा कि ये सम्मान प्रधानमंत्री को देश के गरीबों समेत सभी लोगों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों के लिए भी दिए गए हैं।

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी)’ से सम्मानित किया गया। मोदी स्लोवाकिया की यात्रा पर थे।

पात्रा ने कहा, “यह भारत के लिए गर्व की बात है। यह 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि भारत का भी सम्मान है। हम प्रधानमंत्री और सभी देशवासियों को बधाई देते हैं।”

उन्होंने कहा, “ऐसे सम्मान जनकल्याण के कार्यों की मान्यता में दिए जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार पिछले 12 वर्षों से ‘विकास’, ‘विश्वास’ और ‘जनकल्याण’ के मंत्र के साथ प्रभावी ढंग से काम कर रही है।”

पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को स्लोवाकिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऐसे समय में मिला है, जब उन्होंने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा, “यह एक ऐतिहासिक क्षण है।”

भाषा अमित पवनेश

पवनेश