बेलथांगडी (कर्नाटक), 16 जून (भाषा) धर्मस्थल सामूहिक दफन मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम का वाहन चारमडी में मंगलवार की सुबह अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी चार सदस्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब वरिष्ठ एसआईटी अधिकारियों को लेकर एसयूवी कार बेलथांगडी से चिकमंगलुरु जा रही थी। यह टीम जांच के संबंध में चिकमंगलुरु के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दायमा से मिलने जा रही थी।
प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, वाहन सड़क से उतरकर एक ऊंचे किनारे से टकरा कर पलट गया और काफी क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों में एसआईटी पुलिस अधीक्षक सीए सीमोन, निरीक्षक कुसुमधर, पुलिस कांस्टेबल पीसी मंजूनाथ और वाहन चालक शामिल हैं।
सभी चारों सदस्यों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत स्थिर है।
मामला धर्मस्थल गांव में वर्ष 2017 और 2019 के बीच पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के बगैर कथित तौर पर कई अज्ञात शवों को दफनाए जाने से जुड़ा है। यह स्थान धर्मस्थल मंजूनाथ मंदिर के लिए विख्यात है।
भाषा सं राजेंद्र जोहेब
जोहेब