Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

अरुणाचल प्रदेश में एसआईआर का गणना चरण शुरू

ईटानगर, 16 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का गणना चरण शुरू हो गया है।

यह निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर में मतदाता सूचियों को अद्यतन करने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र 14 जुलाई तक जमा हो जाएंगे, उनके नामों को प्रारूप मतदाता सूची में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

बयान के अनुसार, आयोग ने कहा कि जो मतदाता निर्धारित अवधि के भीतर गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाएंगे, वे दावे और आपत्तियों के चरण के दौरान आवश्यक घोषणा पत्र के साथ ‘फॉर्म-6’ जमा कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

बयान के अनुसार, इस प्रक्रिया के तहत बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने सोमवार से घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने, उन्हें एकत्र करने और उनका सत्यापन करने का कार्य शुरू कर दिया है।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि व्यापक कवरेज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) संबंधित क्षेत्रों में बार-बार दौरा करेंगे।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की भूमिका का विस्तार करते हुए बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) को प्रतिदिन अधिकतम 50 भरे हुए प्रपत्र मतदाताओं से एकत्र कर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले बीएलओ को सौंपने की अनुमति दी है।

राजनीतिक दलों को इस प्रक्रिया में सहयोग के लिए अतिरिक्त बीएलए नियुक्त करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है।

बयान के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत 2,233 बीएलओ और 3,131 बीएलए की सहायता से 8,87,505 मतदाताओं को शामिल किए जाने की संभावना है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सभी पात्र मतदाताओं से चुनाव अधिकारियों का सहयोग करने और घर-घर सत्यापन अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है, ताकि सही, अद्यतन और समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सके।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत