बारपेटा (असम), 16 जून (भाषा) असम पुलिस ने बारपेटा जिले में 10 वर्षीय एक बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म और उसकी हत्या करने के मामले में तीन लड़कों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के बाघबर इलाके में सोमवार को उस समय हुई, जब पीड़िता स्कूल से घर लौट रही थी।
बारपेटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) समीरन वैश्य ने बताया कि बच्ची की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वह स्कूल से जल्दी घर लौट रही थी।
उन्होंने कहा, “रास्ते में आरोपी उसे जबरन जूट के एक खेत में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए।”
जब बच्ची शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने देर रात खेत से शव बरामद किया।
एएसपी ने बताया, “शुरुआती जांच के बाद तीनों लड़कों को हिरासत में ले लिया गया है।”
वैश्य ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य विवरण बाद में साझा किए जाएंगे।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत