Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

अमरनाथ यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी: जितेंद्र सिंह

श्रीनगर, 16 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि अगले महीने की शुरुआत में होने वाली सालाना अमरनाथ यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी इंतजाम कर लिये गए हैं।

सिंह ने भरोसा जताया कि तीन जुलाई से शुरू होने वाली यह यात्रा सफल रहेगी।

मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'इस बार यात्रा लंबी अवधि की है और प्रशासन ने हर चीज का ध्यान रखा है। हमें भरोसा है कि यात्रा सफल रहेगी।'

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री सिंह ने ये बातें यहां एसकेआईसीसी में पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 59वीं 'सेवानिवृत्ति-पूर्व परामर्श कार्यशाला' के उद्घाटन के बाद कहीं।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में समाज के हर वर्ग के जीवन को आसान बनाने पर ध्यान दिया है।

उन्होंने कहा, 'जैसा कि आप जानते हैं, भारत में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है। एक समय था जब नौकरीपेशा लोगों की संख्या ज्यादा थी और पेंशनभोगियों की कम, लेकिन अब स्थिति उलट गई है। जब वे 60 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होते हैं, तो उनकी विशेषज्ञता, अनुभव, कौशल और ज्ञान भी अपने चरम पर होते हैं। इसे बर्बाद नहीं होने देना चाहिए।'

सिंह ने कहा कि देश भर में इस तरह की 'कार्यशालाएं' शुरू की गई हैं।

उन्होंने कहा, 'सेवानिवृत्ति के बाद भी, जिस भी क्षेत्र या सेक्टर में उनकी विशेषज्ञता है, वे अपनी भूमिका जारी रख सकते हैं क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी का कहना है कि 2047 तक विकसित भारत बनाने में हर नागरिक की भूमिका है।'

मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर बैंक को केंद्र सरकार के कर्मचारियों को पेंशन देने वाले बैंकों की लिस्ट में शामिल किया गया है।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश