उत्तर लखीमपुर (असम), 16 जून (भाषा) असम के लखीमपुर जिले में सड़क किनारे एक अस्थायी शेड बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र किए जाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
लखीमपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनेन्द्र डेका ने बताया कि यह घटना सोमवार को चौलधोवा के कोनानदी तिनियाली इलाके में हुई।
डेका ने पत्रकारों से कहा, ‘‘एक दंपति ने सड़क किनारे छोटी सी दुकान खोली थी और वे वहीं रह रहे थे। हाल ही में उन्होंने दुकान के पीछे बांस और टिन का एक शेड बनाया था। कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया है।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद मिसिंग समुदाय के कुछ लोग वहां पहुंचे और दंपति से बहस करने लगे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इसी दौरान कुछ लोगों ने महिला की पिटाई कर दी और उसके कपड़े फाड़ दिए। उस समय वहां से कई लोग गुजरे, लेकिन दुर्भाग्यवश किसी ने भी हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की। यह सब उसके पति के सामने हुआ, जो बेबस खड़ा रहा।’’
घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका है।
डेका ने कहा, ‘‘हमने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और पूछताछ के लिए महिलाओं समेत छह अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
प्रचेता प्रशांत
प्रशांत