जयपुर, 16 जून (भाषा) राजस्थान के बालोतरा जिले में मंगलवार को रोडवेज बस और कार के बीच टक्कर के कारण चार भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा पचपदरा थाने के पाटोदी गांव के पास हुआ, जब बाड़मेर से जोधपुर जा रही बस सामने से आ रही कार से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार चारों लोग अंदर फंस गए।
स्थानीय निवासियों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को निकालकर पाटोदी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अन्य दो भाइयों को बालोतरा भेजा गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान ऊदा राम (39), रेखा राम (35), जोगा राम (31) और विशन राम (29) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय वे काम पर जा रहे थे।
हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
थानाधिकारी गीता कुमारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने का अनुरोध किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब