नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को नयी दिल्ली जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय परिसर में स्थापित ‘सिटिजन लाउंज-कम-न्यू एज लर्निंग सेंटर’ का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, प्रशासनिक सेवाओं को अधिक जनहितकारी बनाने तथा युवाओं के लिए सीखने और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गुप्ता ने आधुनिक ‘सिटिजन लाउंज’, पुस्तकालय एवं वाचनालय कक्ष का अवलोकन भी किया।
उन्होंने इस पहल को सुशासन और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सम्मानजनक, सुविधाजनक और सकारात्मक अनुभव मिलना चाहिए और यही दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आसपास की बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चे भी आकर अध्ययन कर सकेंगे और ऐसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे, जो सामान्यतः उनके लिए सहज उपलब्ध नहीं होतीं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि यह ‘सिटिजन लाउंज’ को युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञान एवं कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां कानून, प्रशासन, करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य विषयों से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके मुताबिक, साथ ही, डिजिटल संसाधनों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कंप्यूटर भी स्थापित किए जाएंगे।
बयान में कहा गया कि यहां समय-समय पर करियर काउंसलिंग सत्र, कौशल विकास कार्यक्रम, ‘एक्सपर्ट टॉक’, मार्गदर्शन कार्यशालाएं और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को नई जानकारी, कौशल विकास और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्राप्त होगा।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत