Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

आमिर खान की ‘लगान’ 18 जून तक सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) अभिनेता आमिर खान की ऑस्कर के लिए नामांकित हो चुकी फिल्म ‘लगान’ के सिनेमाघरों में पुन: प्रदर्शन (री-रिलीज) की अवधि बढ़ाकर 18 जून तक कर दी गई है।

एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि फिल्म निर्माताओं ने इस महीने की शुरुआत में फिल्म की रिलीज के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसके पुन: प्रदर्शन की घोषणा की थी। यह विशेष प्रदर्शन 12 जून से 14 जून तक निर्धारित था, लेकिन ‘‘दर्शकों की भारी मांग’’ को देखते हुए इसकी अवधि 18 जून तक बढ़ा दी गई है।

पंद्रह जून 2001 को रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था।

यह फिल्म एक ऐसे क्रिकेट मैच की कहानी पर आधारित है, जिसमें बिना प्रशिक्षण वाले ग्रामीणों का एक समूह अपने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासकों को चुनौती देता है।

‘लगान’ को 74वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में नामांकन मिला था। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से व्यापक सराहना मिली थी।

फिल्म में आमिर खान के अलावा ग्रेसी सिंह, रेचल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न, सुहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा और राजेंद्र गुप्ता सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया था।

फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया था। इसके गीत ‘घनन घनन’, ‘मितवा’, ‘राधा कैसे न जले’ और ‘ओ रे छोरी’ आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।

फिल्म को 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म सहित कुल आठ पुरस्कार मिले थे।

भाषा मनीषा पवनेश

पवनेश