नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने हत्या के मामले में एक साल से अधिक समय से फरार 24 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मोती नगर निवासी आरोपी तनवीर आनंद पर्वत थाने में दर्ज प्राथमिकी में नामजद है। उन्होंने कहा, मामला 20 अप्रैल 2025 को की गई हत्या से संबंधित है।
अधिकारी के अनुसार, 2025 के मामले में चार लोगों को आरोपी बनाया गया था। वे पीड़ित को जबरन एकांत स्थान पर ले गए और हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया तथा अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच के बाद, मुख्य आरोपी सुंदर लाल को एक अन्य व्यक्ति के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले में एक किशोर को भी पकड़ा गया। चौथा आरोपी तनवीर फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।’’
मामले की जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने तनवीर की गतिविधियों की विशेष खुफिया जानकारी जुटाई और उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि तनवीर पहले भी 2021 में मोती नगर थाने में दर्ज लूट के एक मामले में शामिल था।
भाषा नोमान नोमान शफीक
शफीक
शफीक