श्रीनगर, 16 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा और श्रीनगर जिलों में तीन मादक पदार्थ तस्करों की चार करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की हैं। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत की गई है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवंतीपोरा में पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक कुख्यात तस्कर निसार अहमद खांडे की संपत्ति कुर्क की है। कुर्क की गई संपत्ति में एक दोमंजिला आवासीय मकान और 7 कनाल 18 मरला जमीन शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये है।’’
उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिस चौकी के अधिकारियों द्वारा की गई जांच के दौरान इस बात की पहचान हुई कि यह संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की गई थी। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
एक अन्य कार्रवाई में श्रीनगर पुलिस ने दो मादक पदार्थ तस्करों की 1.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की।
प्रवक्ता ने बताया कि बटमालू थाना पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए श्रीनगर के नुंद रेश कॉलोनी में स्थित सिकंदर फिरदौस नामक तस्कर के तीन मंजिला आवासीय मकान को कुर्क किया है, जिसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये है।
आरोपी के खिलाफ बटमालू थाने में एनडीपीएस और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
इसी तरह, एक अन्य मामले में क्रालखुद थाना पुलिस ने अनंतनाग जिले के बिजबेहारा इलाके में गुलाम हसन भट नामक तस्कर के एक मंजिला आवासीय मकान को कुर्क किया है, जिसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है।
भाषा सुमित शफीक
शफीक