Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

राम मंदिर वित्तीय अनियमितता मामले में एसआईटी ने कई लोगों से पूछताछ की

अयोध्या (उप्र), 16 जून (भाषा) अयोध्या में स्थित राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय गड़बड़ी मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार को कई लोगों से पूछताछ की। आधिकारिक सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी।

एसआईटी सोमवार को करीब सात-आठ घंटे तक राम मंदिर परिसर में रही थी और मंगलवार पूर्वाह्न 10 बजे से दोबारा जांच शुरू की।

सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान एसआईटी ने मंदिर प्रबंधन से जुड़े 10 से अधिक लोगों से पूछताछ की, जिनमें राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारी गोपाल राव और कई अन्य प्रमुख लोग शामिल हैं।

एसआईटी सदस्यों और ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के बीच किसी बातचीत की अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच इस मामले में राम शंकर उर्फ टीनू यादव का नाम सामने आया है जिन्होंने मीडिया से बात करते हुए पूरे मामले में अपनी संलिप्तता के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और खुद को निर्दोष बताया।

टीनू यादव ने कहा कि जिस कमरे में नकदी की गिनती हुई, उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है और उसके प्रभारी दूसरे लोग हैं।

अयोध्या के प्रमुख हिंदू नेता, पूर्व कार सेवक और बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के साथ मुख्य आरोपी रहे संतोष दुबे ने मंगलवार को इस मामले में राम जन्मभूमि थाने में शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने शिकायत में ट्रस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी को मामले में आरोपी बताया है।

उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने भी मंगलवार को राम जन्मभूमि थाने में ऐसी ही एक शिकायत दर्ज कराई है।

इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर 24 करोड़ की जमीन खरीदने का आरोप लगाया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जमीन के कागजात की फोटो भी साझा की है और आरोप लगाया है कि चंपत राय ने तीन करोड़ रुपये की नजूल भूमि 24 करोड़ में खरीदी।

ट्रस्ट के अनुरोध के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया था।

सरकार के अनुसार, ट्रस्ट ने तथ्यों का पता लगाने और राम मंदिर की छवि खराब करने के प्रयासों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एसआईटी में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं।

भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब