Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

एनआईए ने अमृतसर में लश्कर के आतंकवादी से जुड़े व्यक्ति की संपत्ति कुर्क की

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आतंकवाद के वित्त पोषण के वास्ते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे नशीले पदार्थ के कारोबार के सिलसिले में मंगलवार को अमृतसर में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी से कथित रूप से जुड़े एक व्यक्ति के घर को मंगलवार को कुर्क किया।

एक सरकारी बयान में कहा गया है कि अमृतसर में होली इंक्लेव फेज प्रथम के होली सिटी में मकान संख्या 33 को ‘आतंकवादी कृत्यों से अर्जित संपत्ति’ के तौर पर कुर्क कर लिया गया है।

एजेंसी ने बताया कि एनआईए टीम ने कानून की उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए, स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में और स्थानीय अधिकारियों की मदद से कुर्की की यह कार्रवाई की।

जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि यह संपत्ति आरोपी अंकुश कपूर के पिता के नाम पर पंजीकृत थी तथा अंकुश कपूर भारत में एक ऐसे मादक पदार्थ-आतंकी नेटवर्क का हिस्सा है जो इटली, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान समेत कई देशों में फैला है।

एनआईए की जांच से पता चला कि अंकुश के संबंध दुबई में रहने वाले एक ऐसे आरोपी से थे, जो पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन 'लश्कर-ए-तैयबा’ से जुड़ा था।

बयान में कहा गया है कि पिछले साल अंकुश को गिरफ्तार किया गया था। उसे नशीले पदार्थों की तस्करी, भंडारण और वितरण से जुड़ी साजिश का एक बहुत अहम सदस्य पाया गया।

बयान के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि मादक पदार्थों के धंधे से होने वाली कमाई एक जटिल एवं व्यापक वित्तीय नेटवर्क के माध्यम से भारत में आतंकवादी गतिविधियों में इस्तेमाल की जाती थी।

बयान के अनुसार, एनआईए ने अंकुश पर आतंक वित्तपोषण गतिविधियों, आपराधिक साजिश और गैर-कानूनी एवं आतंकवादी नेटवर्क को मदद पहुंचाने के साथ-साथ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत अपराधों में शामिल होने को लेकर आरोपित किया है।

इस मामले में अब तक कुल 26 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है और जांच अभी जारी है।

बयान में कहा गया है , ‘‘आज की कार्रवाई एनआईए की उन कोशिशों का हिस्सा थी, जिनका मकसद भारतीय धरती पर आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले सभी वित्तीय और अन्य सहयोगपरक ढांचे को खत्म और नष्ट करना है।’’

भाषा राजकुमार शफीक

शफीक