Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस की गोलीबारी में झपटमार घायल

जमशेदपुर, 16 जून (भाषा) झारखंड के जमशेदपुर में एक झपटमार ने पुलिस उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्तौल छीनकर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी हरपाल उर्फ गबरू को सोमवार देर रात सूर्य मंडी के पास एक कुएं के निकट ले जाया गया था, जहां उसने कथित तौर पर एक आग्नेयास्त्र और लूटी गई सोने की चेन छिपा रखी थी।

अधिकारी के अनुसार, बरामदगी के दौरान गबरू ने उपनिरीक्षक सुशांत को धक्का देकर गिरा दिया और उनकी सरकारी पिस्तौल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस दल पर तीन गोलियां चलाईं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि मौके पर मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे गबरू के पैर में गोली लगी।

पुलिस ने गबरू और घायल उपनिरीक्षक को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, हाथापाई के दौरान उपनिरीक्षक को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत ठीक है, जबकि गबरू की स्थिति भी स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार, लूटी गई सोने की चेन और दोपहिया वाहन पर लगा फर्जी पंजीकरण नंबर भी बरामद कर लिया है।

एसपी ने कहा कि पुलिस ने सोमवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र के घड़ी पार्क के पास एक महिला से सोने की चेन छीनने के आरोप में गबरू और उसके साथी मनप्रीत को गिरफ्तार किया था।

भाषा राखी शफीक

शफीक