Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

एमसीडी राष्ट्रीय राजधानी में प्रथम श्रेणी के आठ धरोहर स्मारकों के जीर्णोद्धार का काम शुरू करेगा

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली प्रथम श्रेणी की आठ धरोहर इमारतों के जीर्णोद्धार और संरक्षण का काम चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगा तथा यह काम अगले महीने आरंभ हो जाने की संभावना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

प्रथम श्रेणी में उन स्मारकों को रखा गया है, जिनकी ऐतिहासिक रूप से सबसे ज़्यादा अहमियत है।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल निगम की देखरेख में आने वाले धरोहर स्मारकों को उनके मूल रूप में लाने के उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर की गई है और इसे अकादमिक संस्थानों एवं संरक्षण विशेषज्ञों की सलाह से पूरा किया जाएगा।

एक एमसीडी अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पहले चरण में आठ धरोहर इमारतें शामिल होंगी, जिनमें दक्षिण दिल्ली के ज़मरूदपुर गांव में चार मक़बरे, ग्रेटर कैलाश-वन में महावीर लाइब्रेरी, हुमायूंपुर गांव में एक गुमटी (छोटा मक़बरा), एलएसआर गांव में एक मक़बरा और बुलेवार्ड रोड पर महाराजा अग्रसेन पार्क शामिल हैं।’’

उन्होंने कहा कि जिन अन्य जगहों की पहचान की गई है, उनमें चांदनी चौक की ऐतिहासिक ‘टाउन हॉल बिल्डिंग’ और कंपनी बाग शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों जगहों की देखरेख अभी दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) कर रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों और ‘स्कूल ऑफ़ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर’, जामिया मिलिया इस्लामिया, इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फ़ॉर वीमेन (आर्किटेक्चर स्कूल) और आगा खान फ़ाउंडेशन के विशेषज्ञों के बीच इमारतों के जीर्णोद्धार की रूपरेखा पर चर्चा करने के लिए एक बैठक हुई।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘एमसीडी के पास अपनी कोई संरक्षण टीम नहीं है। चूंकि प्रथम श्रेणी स्मारकों के लिए खास तरह के काम की ज़रूरत होती है और उनमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता, इसलिए हम संस्थानों और संरक्षण विशेषज्ञों की मदद ले रहे हैं, ताकि यह पक्का किया जा सके कि इमारतों को उनके मूल रूप में वापस लाया जा सके।’’

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश