हैदराबाद, 16 जून (भाषा) तेलंगाना रक्षा सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष के. कविता ने सरकारी स्वामित्व वाली कोयला खनन कंपनी सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वे यह सोचकर श्रमिकों को परेशान कर रहे हैं कि अब ‘अन्नालु’ (नक्सलियों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक अनौपचारिक शब्द) आसपास नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे (नक्सली) अब उनकी पार्टी में हैं।
मंचेरियल जिले के श्रीरामपुर स्थित सिंगरेनी की एक खदान का दौरा करने पहुंचीं कविता ने सवाल किया कि जब अधिकारियों और ठेकेदारों की जरूरतें पूरी करने के लिए धन उपलब्ध है, तो श्रमिकों के कल्याण के लिए धन क्यों नहीं है।
टीआरएस द्वारा जारी विज्ञप्ति में कविता के हवाले से कहा गया, “पहले अन्नालु मौजूद थे, इसलिए अधिकारी श्रमिकों के साथ कुछ हद तक ठीक व्यवहार करते थे। अब यह सोचकर कि वे चले गए हैं, अधिकारी मानवाधिकारों के उल्लंघन पर उतर आए हैं। वे सभी अन्नालु अब हमारी पार्टी में हैं।”
उन्होंने कहा कि अगर श्रमिकों के मानवाधिकारों का उल्लंघन किया गया तो टीआरएस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
कविता ने कहा कि श्रमिकों को प्रताड़ित करने वाले अधिकारियों के खिलाफ टीआरएस मामले दायर करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगरेनी प्रबंधन श्रमिकों की छोटी से छोटी परेशानी के समाधान के लिए भी धन उपलब्ध कराने से इनकार कर रहा है, जबकि ठेकेदारों को भुगतान करने के लिए उसके पास पर्याप्त धन मौजूद है।
टीआरएस प्रमुख ने आरोप लगाया कि श्रमिकों को पुरानी मशीनों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा इस्तेमाल करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं हैं और उन्हें पीने के लिए स्वच्छ पानी तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
कविता ने दावा किया कि 15 जून और मंगलवार को जब वह खदान के पास गईं, तो उन्हें रोकने की कोशिश की गई।
उन्होंने सवाल किया कि क्या तेलंगाना में जब कांग्रेस विपक्ष में थी, तब रेवंत रेड्डी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी खदानों पर हुई बैठकों में शामिल नहीं हुए थे।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप