Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

गुजरात के अमरेली में शेर के हमले में रेस्तरां कर्मचारी की मौत

अमरेली (गुजरात), 16 जून (भाषा) गुजरात के अमरेली जिले में एक शेर के हमले में एक रेस्तरां में काम करने वाले 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

स्थानीय लोगों को मंगलवार तड़के अमरेली जिले के कोवाया गांव के पास राजुला वन क्षेत्र के तहत एक संपर्क मार्ग के पास युवक के शरीर के कुछ अंग और उसका कटा हुआ सिर मिला।

सहायक वन संरक्षक विरलसिंह चावडा ने कहा कि इलाके में चार शेरों का एक झुंड घूम रहा है और उन सभी को पिंजरे में कैद करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि इन शेरों में से एक के हमले में व्यक्ति की मौत हो गई जो उत्तराखंड का रहने वाला था।

चावडा ने कहा, ‘‘आज सुबह छह बजे सूचना मिलने के बाद स्थानीय बीट गार्ड और वन अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि व्यक्ति एक शेर के हमले में मारा गया क्योंकि पास के इलाकों में चार शेरों का एक झुंड देखा गया था। हम उन सभी को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।’’

स्थानीय लोगों के अनुसार पीड़ित देर रात काम के बाद रेस्तरां से निकला था और अपने घर जा रहा था तभी एक झाड़ी के पास एक शेर ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब उन्हें उसके अवशेष मिले, तो उन्होंने पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।

कोवाया गांव के सरपंच जीना लाखनोत्रा ने कहा कि ऐसी ही एक घटना पास के भाकोदर गांव में भी हुई थी।

भाषा अमित

अमित