Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

दुबई: अमेरिकी हमले का शिकार हुए जहाज के बचाए गए 21 चालक दल सदस्यों से मिले भारतीय राजदूत

दुबई, 16 जून (भाषा) ओमान में भारत के राजदूत प्रशांत पिसे ने अमेरिकी हमले का शिकार हुए तेल टैंकर 'एमटी सेतेबेलो' से सुरक्षित बचाए गए चालक दल के 21 भारतीय सदस्यों की स्वदेश वापसी से पहले मंगलवार को उनसे मुलाकात की।

अमेरिका ने 10 जून को पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर 'एमटी सेतेबेलो' पर हमला किया था, जिसमें सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी।

ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि हमले के समय 'एमटी सेतेबेलो' ओमान के तट से लगभग 30 समुद्री मील की दूरी पर था।

भारतीय मिशन के अनुसार, ''एमटी सेतेबेलो' के चालक दल के 21 भारतीय सदस्य सुरक्षित घर लौट रहे हैं।'

दूतावास ने बताया, 'उनकी रवानगी से पहले राजदूत ने चालक दल के सदस्यों से बातचीत की और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।'

पोस्ट में कहा गया कि पिसे ने इस कठिन समय के दौरान नाविकों के धैर्य और साहस की भी सराहना की।

भारतीय मिशन ने दोहराया कि दूतावास भारतीय नागरिकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ओमान तट के पास अमेरिकी सेना द्वारा भारतीय चालक दल वाले किसी वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाए जाने की यह दूसरी घटना है।

इससे पहले, 8 जून को अमेरिकी बलों ने 24 भारतीय नाविकों को ले जा रहे पलाऊ के ध्वज वाले एक तेल टैंकर 'एमटी मारिवेक्स' को क्षतिग्रस्त कर दिया था। हालांकि, उस जहाज के चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा