Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

बलिया में किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में दो भाई गिरफ्तार

बलिया (उप्र), 16 जून (भाषा) बलिया जिले की मनियर पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पूर्व पदाधिकारी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी के पिता की तहरीर पर मनियर थाने में 21 अप्रैल को राजकमल वर्मा (35) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 ( महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 352 (जानबूझकर अपमान) व 351(3) (जान से मारने व गंभीर चोट पहुंचाने की धमकी) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी कि इसी बीच किशोरी के पिता ने 19 मई को एक और शिकायत में आरोप लगाया कि उसी दिन भोर में उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया।

तहरीर में कहा गया कि 21 अप्रैल को मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी समझौते का दबाव बनाने के लिए धमकियां दे रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिजन उनकी बेटी को जान से मारने और अगवा करने की धमकियां दे रहे थे।

इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 137(2) (अपहरण), 87 (अपहरण, बहकाकर ले जाने या विवाह के लिए मजबूर करना) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत एक और मामला दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक, मनियर पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर शहर कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम रोड से किशोरी को बरामद कर लिया। इस दौरान दो आरोपियों कमला वर्मा उर्फ राजकमल उर्फ मंत्री और उसके भाई अनिल कमल उर्फ नील कमल वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस को दिए बयान में किशोरी ने आरोप लगाया कि अपहरण के बाद कमला वर्मा ने उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इसके बाद मामले में बीएनएस की धाराएं 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) और 64(2)(एम) (बार-बार बलात्कार) तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ दी गईं।

भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी पंकज सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कमला वर्मा उर्फ राजकमल उर्फ मंत्री पहले भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का मनियर मंडल अध्यक्ष था, लेकिन वर्तमान में उसका पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

भाषा सं आनन्द मनीषा खारी

खारी