Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

एपीएसईजेड ने कलेरिस के साथ साझेदारी बढ़ाई, 10 करोड़ डॉलर निवेश करेगी

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) ने अमेरिकी वैश्विक सॉफ्टवेयर कंपनी केलरिस के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी का विस्तार किया है। साथ ही वह स्वचालन एवं अनुकूलन को गति देने के लिए दो चरणों में 10 करोड़ डॉलर तक का निवेश करेगी।

एपीएसईजेड ने मंगलवार को बयान में कहा कि यह 10 करोड़ डॉलर का निवेश वर्ष 2031 तक की उसकी महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रौद्योगिकी और कार्बन-मुक्त पहल में प्रस्तावित 85 करोड़ डॉलर के कुल निवेश का हिस्सा है।

बयान में कहा गया कि पहले चरण में छह बंदरगाहों पर तैनाती के बाद अब एपीएसईजेड अपने समुद्री और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में उन्नत संचालन, अनुकूलन एवं स्वचालन क्षमताओं का विस्तार करेगा।

बहुवर्षीय समझौते के तहत केलरिस अपने टर्मिनल ऑपरेटिंग सिस्टम और कृत्रिम मेधा (एआई)-आधारित उन्नत कंटेनर प्रबंधन एवं अनुकूलन समाधान एपीएसईजेड के 15 कंटेनर टर्मिनल पर लागू करेगा, जो नौ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों में फैले हैं।

एपीएसईजेड के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अश्विनी गुप्ता ने कहा, ‘‘ एआई-सक्षम स्वचालन बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा की अगली सीमा तय करेगा।’’

केलरिस के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) किर्क क्नॉफ ने कहा, ‘‘ एपीएसईजेड बड़े पैमाने पर एआई-सक्षम पोर्ट नेटवर्क के वास्तविक प्रभाव को प्रदर्शित कर रहा है। सभी 15 टर्मिनल तक विस्तार पहले से हासिल परिणामों और इस साझेदारी में विश्वास को दर्शाता है।’’

भाषा निहारिका

निहारिका