( प्रादे48 आवश्यक बदलाव के साथ रिपीट )
कन्नूर (केरल), 16 जून (भाषा) कन्नूर से जेद्दा जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को, इंजन में खराबी के कारण मंगलवार को रवाना होने के दो घंटे के भीतर ही वापस लौटना पड़ा। हवाई अड्डा के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि 180 से अधिक यात्रियों को लेकर इस विमान ने सुबह सात बजकर 40 मिनट पर कन्नूर हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के लगभग दो घंटे बाद पायलट ने इंजन की चेतावनी वाली लाइट (इंजन वार्निंग लाइट) जलती देखी और वापस लौटने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, ‘‘विमान कन्नूर में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री ठीक हैं।’’
उन्होंने बताया कि विमान की जांच करने पर पता चला कि उसके ‘फ्यूल फिल्टर’ में कुछ खराबी थी।
सूत्रों ने बताया कि उतरने से पहले विमान ने ईंधन कम करने के लिए कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाया था।
विमानन कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी की आशंका के बाद विमान के चालक दल ने एहतियातन वापस लौटाने का फैसला किया।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों के लिए जलपान और होटल में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्हें हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। हम दोहराना चाहते हैं कि हमारे परिचालन के हर पहलू में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
भाषा खारी मनीषा
मनीषा