Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने 75,000 रुपये तक के सहकारी फसल ऋण की पूर्ण माफी की घोषणा की

(फाइल फोटो के साथ)

चेन्नई, 16 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने किसानों के 75,000 रुपये तक के फसल ऋण की पूर्ण माफी की घोषणा मंगलवार को की।

राज्य सरकार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इससे राज्य के 14.43 लाख किसानों को लाभ होगा और राज्य सरकार पर 5,932 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय आएगा।

सचिवालय में मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने 75,000 रुपये से अधिक का ऋण लिया है, उन्हें 35,000 रुपये तक की माफी दी जाएगी।

राज्य सरकार ने सहकारी बैंकों से ऋण लेने वाले लघु एवं सीमांत किसानों के लिए 50,000 रुपये तक की ऋण माफी की पिछले महीने घोषणा की थी। इसके बाद किसानों ने इसमें संशोधन की मांग की थी। नई घोषणा उसी का संशोधित रूप है।

विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की सरकारी ऋण माफी योजनाओं के मॉडल संचालन प्रक्रिया के तहत सरकार को माफ की गई पूरी ऋण राशि 45 से 60 दिन के भीतर वितरित करनी होती है।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘ राज्य सरकार की वर्तमान वित्तीय स्थिति और संसाधनों को ध्यान में रखते हुए इस कठिन परिस्थिति में मुख्यमंत्री ने एक मई 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच फसल ऋण लेने वाले 14.43 लाख किसानों के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये की माफी का आदेश दिया है।’’

विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री विजय के हवाले से कहा गया, ‘‘ यह फसल ऋण माफी आगामी बुवाई सत्र के लिए ऋण लेने के इच्छुक किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।’’

भाषा निहारिका

निहारिका