Breaking News

गुरु रंधावा जिम फायरिंग केस: लॉरेंस गैंग के दो शूटर गिरफ्तार     |   MLC चुनाव: CM डीके शिवकुमार ने रिसॉर्ट में मॉक वोटिंग कराई, कल होना है मतदान     |   मॉनसून ने कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा को कवर किया: IMD     |   2011 से 2020 के बीच खराब हो चुकी और जंगल कटने से प्रभावित 21.76M हेक्टेयर जमीन को भारत ने फिर से किया ठीक     |   यूबीटी बागी सांसद ने लोकसभा स्पीकर को सौंपा पत्र     |  

सोलह जून : पहली बार किसी महिला ने अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) इतिहास में 16 जून की तारीख पर कई घटनाएं दर्ज हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण घटना छह दशक से ज्यादा पुरानी है, जब रूस की एक महिला ने पहली बार अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी।

रूस की इस 26 वर्षीय महिला का नाम लेफ्टिनेंट वैलेनटीना तेरेशकोवा था और उन्होंने रूस की राजधानी मॉस्को से 16 जून 1963 को अंतरिक्ष यान - वोस्तोक 6 में सवार होकर अंतरिक्ष की ओर अपना सफर शुरू किया था। दुनिया में किसी भी महिला की यह अंतरिक्ष के लिए पहली उड़ान थी।

देश-दुनिया के इतिहास में 16 जून की तारीख पर दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:

1779 : स्‍पेन ने ब्रिटेन के खिलाफ जंग का आगाज किया।

1911 : न्यूयार्क में आईबीएम कंपनी की स्‍थापना। पहले इसका नाम कंप्यूटिंग टैब्यूलेटिंग रिकार्डिंग कंपनी था।

1925 : स्वतंत्रता सेनानी चितरंजन दास का निधन

1963 : रूस की 26 वर्षीय अंतरिक्ष यात्री लेफ्टिनेंट वैलेनटीना तेरेशकोवा ने वोस्तोक 6 के जरिए अंतरिक्ष की उड़ान भरी। वह अंतरिक्ष के लिए रवाना हुई विश्व की पहली महिला थीं।

1979 : सीरिया में मुस्लिम ब्रदरहुड के साथ संघर्ष में 62 शेखों की मौत।

1992 : ब्रिटेन की राजकुमारी डायना पर विवादास्पद किताब का विमोचन। 'डायना - ए ट्रू स्टोरी' पुस्तक में डायना को दुखी और असंतुलित बताया गया।

2008 : कैलिफोर्निया में समलैंगिक जोड़े को शादी करने की इजाजत।

2012 : चीन ने अंतरिक्ष यान शेनझौ 9 लांच किया।

2012 : अमेरिकी वायुसेना का रोबोटिक बोइंग एक्स-37बी अंतरिक्ष यान अपना मिशन पूरा कर पृथ्‍वी पर लौटा।

2012 : बहुराष्ट्रीय शीतल पेय कंपनी कोका कोला ने म्यांमा में 60 वर्षों के बाद कारोबार शुरू किया।

2016 : चीन की मुख्य भूमि में स्थित पहला और दुनिया का सबसे बड़ा डिज़्नी पार्क, शंघाई डिज़्नी रिज़ॉर्ट आम जनता के लिए खोल दिया गया।

2018 : इतिहास में पहली बार वीडियो असिस्टेंट रेफरी (वीएआर) तकनीक का इस्तेमाल फुटबॉल विश्व कप में किया गया। फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मैच में इसका उपयोग करते हुए फ्रांस को पेनल्टी दी गई।

2019 : कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में विभिन्न जनजातियों के बीच हुए हिंसक संघर्ष और हमलों में 160 से ज्यादा लोग मारे गए।

2020 : देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 3,43,091, मृतक संख्या 9,900 हुई। इसी दिन मॉरीटानिया सीमा के पास घात लगाकर किए गए हमले में माली के 24 सैनिक मारे गए।

2022 : सैन्य बलों में अल्पकालिक भर्ती की केंद्र सरकार की नयी ‘‘ अग्निपथ’’ योजना के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन। कुछ जगहों पर पुलिस को प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

2023 : दिल्ली के तीन मूर्ति भवन परिसर स्थित नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी (एनएमएमएल) का नाम बदलकर ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी’ किया गया। इसी दिन कनाडा में बस और ट्रक की टक्कर, 15 लोगों की मौत।

2024 : सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के छठे शतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन भारत ने बेंगलुरू में तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 143 रन से शिकस्त दी।

2025 : गाजा में खाद्य वितरण केंद्रों के निकट गोलीबारी में 34 फलस्तीनी मारे गए।

भाषा

मनीषा

मनीषा