मुंबई, 16 जून (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझान और अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू बाजारों को समर्थन मिला है।
विदेशी पूंजी के प्रवाह ने भी घरेलू बाजार के सकारात्मक रुख को मजबूती दी।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 272.87 अंक चढ़कर 76,537.20 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 69.15 अंक की बढ़त के साथ 23,921.55 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही। वहीं एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 200.05 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स सोमवार को 736.38 अंक और निफ्टी 231 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
भाषा निहारिका
निहारिका