बेलागावी (कर्नाटक), 15 जून (भाषा) पूर्व सैनिक संदीप कलगौड़ा मंजरगी (46) की हत्या के मामले में उनकी पत्नी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस का आरोप है कि करीब दो करोड़ रुपये के बीमा दावे की रकम हासिल करने के लिए साजिश के तहत हत्या को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, संदीप बेलगावी जिले के हुक्केरी तालुक के घोडागेरी गांव के निवासी थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संदीप की पत्नी, उसका कथित प्रेमी, कुछ चिकित्साकर्मी और फोरेंसिक प्रयोगशाला के कर्मचारी शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, संदीप के नाम पर ऐसी बीमा पॉलिसी ली गई थीं जिनमें सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर बड़ी राशि मिलने का प्रावधान था।
पुलिस ने आरोप लगाया कि संदीप की पत्नी सुमा मंजरगी ने अपने कथित प्रेमी पुंडलिक डोंबार और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बीमा राशि हासिल करने तथा अपने कथित प्रेम संबंध को जारी रखने के लिए पूर्व सैनिक की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में सुमा मंजरगी, पुंडलिक डोंबार, आरएमपी चिकित्सक बसवराज भस्मे, एफडीए अधिकारी अशोक गुजानल, एफएसएल लिपिक अप्पासाहेब नाइक, प्रयोगशाला सहायक चन्नय्या आदिविश्वामिमथ, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पीएन नागराज और डोंबार के सहयोगी सचिन सेलार और राहुल जोगी शामिल हैं।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत