कोलकाता, 15 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों को 21 जून को मनाए जाने वाले 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का निर्देश दिया है।
चौदह जून को जारी एक आदेश में, मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने सरकारी विभागों और कार्यालयों को निर्देश दिया कि वे 21 जून को सुबह 6.30 बजे से 7.45 बजे के बीच होने वाले योग सत्रों में योग्य कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
यह निर्देश राज्य सरकार के विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वायत्त निकायों और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों पर लागू होता है।
आदेश के अनुसार, कर्मचारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने कार्यालय, रहने की जगहों या तय की गई जगहों पर योग कार्यक्रमों में हिस्सा लें। जिन लोगों को खास कार्यक्रमों के लिए चुना गया है, वे रेड रोड और मिलन मेला ग्राउंड जैसी जगहों पर होने वाले सत्र में शामिल होंगे।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने का अनुरोध किया गया है।
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत