कोलकाता, 15 जून (भाषा) भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों फॉलोअर्स वाले एक फेसबुक पेज द्वारा उनके खिलाफ अपमानजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।
गांगुली ने दावा किया कि ये पोस्ट ‘सौरव गांगुली फैंस’ नाम के एक पेज से किए जा रहे थे, जो खुद को एक अनौपचारिक प्रशंसक पेज बताता है।
उन्होंने इस पेज का संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांगुली ने ठाकुरपुकुर थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि इस पेज पर लगातार ऐसे पोस्ट साझा किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करना और जनता के बीच नकारात्मक छवि बनाना है।
उन्होंने बताया कि इस पेज के 36 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
गांगुली ने कहा, “एक सार्वजनिक हस्ती होने के नाते मैं समझता हूं कि विचार और आलोचना सार्वजनिक जीवन का हिस्सा हैं। हालांकि, मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से भ्रामक, मानहानिकारक और नुकसानदेह सामग्री फैलाना स्वीकार्य नहीं है और इस पर कानूनी कार्रवाई जरूरी है।”
उन्होंने पुलिस से उस पेज का संचालन करने वाले व्यक्तियों या समूह की पहचान करने और कानून की संबंधित धाराओं के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गांगुली की शिकायत मिलने की पुष्टि की और कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत