नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में सोमवार शाम तीन हमलावरों ने एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 6:10 बजे दयालपुर थाने में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नेहरू विहार स्थित घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि तीन हमलावरों ने राशिद नाम के व्यक्ति पर गोलियां चलाई थीं जिससे वह घायल हो गया।
उनके मुताबिक, व्यक्ति को पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद फॉरेंसिक दल ने अपराध स्थल का निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य एकत्र किए हैं। इस संबंध में दयालपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए गठित टीमों को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और इस मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत