नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सोमवार को नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा के लिए राज्यों की तैयारियों की समीक्षा की
आधिकारिक बयान के अनुसार, मोहन ने विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान छात्रों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर विशेष ध्यान दिया गया।
तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा को अनियमितताओं के आरोपों के बीच रद्द कर दिया गया था। पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है।
गृह सचिव ने निर्देश दिया कि सुरक्षा संबंधी सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए और परीक्षा का आयोजन त्रुटिरहित तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और डाक विभाग के सचिव, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीसीएएस और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक तथा रक्षा मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बयान में कहा गया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से छात्रों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने इस संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप