बिहारशरीफ, 15 जून (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में सोमवार को चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा दो लोगों की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर के पास तड़के हुई।
नालंदा पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, राजगीर थाना पुलिस को तड़के करीब 3:30 बजे सूचना मिली कि ग्रामीणों ने दो व्यक्तियों को कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ लिया है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल राजगीर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजगीर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में विस्तृत कार्रवाई जारी है।
भाषा
कैलाश रवि कांत