नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) भाजपा की केंद्रीय टीम में फेरबदल की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर एक बैठक की।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष और पार्टी तथा आरएसएस के बीच मुख्य समन्वयक की भूमिका निभा रहे अरुण कुमार भी मौजूद थे।
हालांकि, भाजपा की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया, लेकिन पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों की टीम में फेरबदल भी शामिल था।
सूत्रों ने यह भी बताया कि जनवरी में भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभालने वाले नवीन के नेतृत्व में पार्टी की नई केंद्रीय टीम इस महीने घोषित की जा सकती है और इसमें 'वरिष्ठ और युवा नेताओं का मिश्रण' होने की संभावना है।
यह भी बताया गया कि कुछ ऐसे नेता जो सरकार में पदों पर हैं, उन्हें पार्टी में स्थानांतरित कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
भाजपा अध्यक्ष नवीन ने 28 मई को केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को भाजपा की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं, अर्चना गुप्ता को भाजपा की हरियाणा इकाई का और सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी की पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। त्रिपुरा के माताबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने अभिषेक देबरॉय को भाजपा की राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप