भुवनेश्वर, 15 जून (भाषा) ओडिशा सरकार ने सफाई कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षा के उद्देश्य से उनके लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट का उपयोग अनिवार्य कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सफाई कर्मचारियों को ये पीपीई किट राज्य की प्रमुख ‘गरिमा’ (हाथ से सफाई कार्यों में संलग्न व्यक्तियों के लिए गौरव और सम्मान) योजना के तहत प्रदान किए जाएंगे।
आवास एवं शहरी विकास विभाग ने राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में इस योजना के क्रियान्वयन को तेज कर दिया है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य हाथ से सफाई करने की प्रथाओं को पूरी तरह समाप्त करना, मशीनीकृत स्वच्छता सेवाओं को बढ़ावा देना और सफाई कर्मचारियों को व्यापक सामाजिक सुरक्षा लाभ प्रदान करना है।
बयान में कहा गया है कि विभाग ने सभी मुख्य सफाई कर्मचारियों की पहचान कर उन्हें योजना के तहत पंजीकृत करने का निर्णय किया है, ताकि उन्हें कल्याण और सुरक्षा उपायों के दायरे में लाया जा सके।
आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र ने कहा, “यह हमारी जिम्मेदारी है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी कर्मचारी को हाथ से सफाई करने जैसी प्रथाओं का सामना न करना पड़े। साथ ही प्रत्येक सफाई कर्मचारी और उनके परिवार को आवास, स्वास्थ्य देखभाल, बीमा और अन्य कल्याणकारी लाभ उपलब्ध हों।”
योजना के तहत वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य देखभाल सहायता, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिससे सफाई कर्मचारियों की आर्थिक कमजोरियों को कम करने और उन्हें बेहतर सामाजिक सुरक्षा देने में मदद मिलेगी।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन