Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

चुनाव में हार के बाद माकपा सुधारात्मक कदम उठा रही: गोविंदन

तिरुवनंतपुरम, 15 जून (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एम.वी. गोविंदन ने सोमवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी एक व्यापक समीक्षा और सुधार की प्रक्रिया से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया को कमजोर करने के लिए झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं।

गोविंदन ने ‘फेसबुक’ पोस्ट में लोगों से अपील की कि वे ऐसी मनगढ़ंत मीडिया रिपोर्ट से सावधान रहें जिनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘फर्जी खबर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

गोविंदन ने खास तौर पर उन मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने तिरुवनंतपुरम में एक बैठक में कहा था कि पार्टी नेतृत्व में न तो उन्हें और न ही पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को बदला जा सकता है।

उन्होंने ऐसी खबरों को मनगढ़ंत बताया और कहा कि माकपा में नेतृत्व और संगठन से जुड़े फैसले पार्टी लेती है, न कि मीडिया।

उन्होंने कहा, ‘‘कम्युनिस्ट पार्टियों का संगठनात्मक ढांचा बुर्जुआ राजनीतिक पार्टियों से अलग होता है।’’

माकपा नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी ने व्यापक समीक्षा की है और शाखा समिति स्तर तक के पार्टी कार्यकर्ताओं की आलोचनाओं पर गौर किया है।

उन्होंने कहा कि मिली प्रतिक्रिया के आधार पर पार्टी जरूरी सुधार कर रही है।

गोविंदन ने कहा, ‘‘अगर गलतियां होती हैं, तो पार्टी किसी भी नेता की आलोचना कर सकती है और उसे सुधार सकती है। यह बात सभी नेताओं पर लागू होती है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि माकपा मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए जनता से सुझाव मांग रही है और दावा किया कि उन्हें पहले ही हज़ारों जवाब मिल चुके हैं।

उन्होंने कहा कि अगस्त में होने वाली राज्य समिति की विस्तारित बैठक में माकपा की भविष्य की कार्ययोजना तैयार करते समय इन सुझावों और पार्टी की आंतरिक समीक्षा के नतीजों पर विचार किया जाएगा।

गोविंदन ने आरोप लगाया कि पार्टी की सुधार प्रक्रिया को पटरी से उतारने और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के खिलाफ जनता के गुस्से से ध्यान भटकाने के लिए झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं।

भाषा सुरभि सुभाष

सुभाष