बरहमपुर, 15 जून (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में 46 वर्षीय एक बस चालक को संपत्ति विवाद को लेकर अपने बुजुर्ग माता-पिता की कथित तौर पर लकड़ी के गट्ठे से पिटाई करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। इस घटना में उसके पिता की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात गोसानीनुआगांव थाना क्षेत्र के बिजीपुर टोटा साही में हुई।
पुलिस ने बताया कि बिराजा मोहंती ने कथित तौर पर कहासुनी के दौरान अपने 75 वर्षीय पिता और 70 वर्षीय मां पर लकड़ी के गट्ठे से हमला कर दिया।
दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में बरहमपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान पिता की मौत हो गई, जबकि मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि घायल महिला का बयान कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दर्ज किया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी परिवार की संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था और इस मुद्दे को लेकर पहले भी अपने माता-पिता से झगड़ा कर चुका था।
अधिकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपति के दो बेटे हैं और वे अपने छोटे बेटे के साथ रह रहे थे। आरोपी को इस व्यवस्था पर आपत्ति थी और वह संपत्ति के बंटवारे को लेकर अक्सर अपने माता-पिता से झगड़ा करता था।
उन्होंने बताया कि घटना के समय दंपति का छोटा बेटा घर पर मौजूद नहीं था।
भाषा
राखी रंजन
रंजन