Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

पांच सौ करोड़ रुपये के क्रिप्टो धोखाधड़ी मामले में ईडी ने छापेमारी की, एक व्यक्ति गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 500 करोड़ रुपये के कथित क्रिप्टोकरेंसी घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में सोमवार को छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

एजेंसी के अनुसार, इस कथित धोखाधड़ी से 2.48 लाख से अधिक निवेशक प्रभावित हुए हैं।

ईडी ने विजय कुमार जुनेजा और मसोम जुनेजा से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली। एजेंसी ने बताया कि मसोम जुनेजा को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए।

जांच हिमाचल प्रदेश और पंजाब में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की जा रही है। ईडी के अनुसार, सुभाष शर्मा और उसके सहयोगियों ने 2018 में ‘कोर्वियो कॉइन (केआरओ)’ के नाम से क्रिप्टोकरेंसी आधारित बहुस्तरीय विपणन (एमएलएम) योजना शुरू की थी। निवेशकों को भारी लाभ का लालच देकर निवेश कराया गया।

एजेंसी का आरोप है कि इस योजना में नए निवेशकों के धन का इस्तेमाल पुराने निवेशकों को भुगतान करने के लिए किया जाता था। जांच में सामने आया कि मंच के माध्यम से 21.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक के लेनदेन हुए और 2.48 लाख से अधिक लोग कथित ठगी का शिकार बने।

ईडी ने दावा किया कि घोटाले के उजागर होने के बाद मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा दुबई भाग गया।

एजेंसी के अनुसार, निवेशकों से जुटाई गई राशि को विभिन्न बैंक खातों, फर्जी कंपनियों और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए छिपाने का प्रयास किया गया।

भाषा

राखी रंजन

रंजन