Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

मप्र: आवारा कुत्ते के हमले में तीन वर्षीय बच्ची बुरी तरह घायल, चेहरे पर लगे 50 टांके

आगर-मालवा/इंदौर, 15 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में आवारा कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय बच्ची को चेहरे पर करीब 50 टांके लगाने के बाद आगे के उपचार के लिए सोमवार को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में भर्ती किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार कुत्ते के काटने से बच्ची के चेहरे, नाक, होंठ और आंख की पलक पर गहरे घाव आए हैं और उसे प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि उज्जैन जिले के देलवाड़ी गांव में तीन वर्षीय बच्ची पर शनिवार को घर के बाहर खेलते समय एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था जिसमें उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

अधिकारियों के मुताबिक परिजनों ने बुरी तरह घायल बच्ची को आगर-मालवा के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

बच्ची के उपचार में शामिल निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र कैथवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “बच्ची के चेहरे पर लगभग 50 टांके लगाए गए। उसकी आंख की निचली पलक, नाक और होंठ के आस-पास भी गंभीर घाव थे। प्राथमिक शल्य उपचार करके उसकी त्वचा को जोड़ा गया और रक्तस्राव नियंत्रित किया गया।”

कैथवाल ने बताया कि बच्ची के चेहरे को स्थायी विकृति से बचाने के लिए उसे विशेषज्ञ प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता थी, इसलिए उसे आगे के उपचार के लिए इंदौर के एमवायएच भेज दिया गया।

बच्ची के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित परिजनों ने इंदौर में कहा कि एमवायएच में चिकित्सक उसकी हालत पर निगाह रख रहे हैं।

इन दिनों राज्य में आवारा कुत्तों के लोगों को काटने के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। बड़वानी कस्बे में पांच आवारा कुत्तों के हमले में 12 जून को 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी।

शीर्ष अदालत ने मई में पहली बार रेबीजग्रस्त, लाइलाज रूप से बीमार या खतरनाक आवारा कुत्तों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत इच्छामृत्यु (यूथेनेशिया) देने की अनुमति प्रदान की थी ताकि मानव जीवन को होने वाले खतरे को कम किया जा सके।

अदालत ने देश में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी से निपटने के लिए कई निर्देश भी जारी किए थे।

भाषा हर्ष सुरभि

सुरभि