जयपुर, 15 जून (भाषा) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बूंदी जिले में एक ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो पंचायत समिति बूंदी के अंतर्गत ग्राम पंचायत गरडदा में पदस्थापित है।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म गरडदा में 15 लाख रुपये की लागत से पनघट निर्माण कार्य कर रही है। इस कार्य के भुगतान के लिए ग्राम विकास अधिकारी मुकेश 30 प्रतिशत राशि के हिसाब से 4.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग रहा है।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी टीम ने उप महानिरीक्षक ओम प्रकाश मीणा के नेतृत्व में जाल बिछाया।
महानिदेशक ने बताया कि आरोपी मुकेश को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये लेते समय उसके किराए के मकान के बाहर रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपी टीम को देखकर घबरा गया। उसने जेब से रिश्वत की राशि निकालकर सड़क पर फेंक दी।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की पूछताछ और जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया
सुरभि
सुरभि