Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

त्रिपुरा: सीआरपीएफ के लाठीचार्ज में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता घायल

अगरतला, 15 जून (भाषा) कांग्रेस के एक नेता ने दावा किया कि पांच सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को यहां आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों द्वारा किए गए लाठीचार्ज में पार्टी के सात युवा कार्यकर्ता घायल हो गए।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि लाठीचार्ज में केवल दो लोगों को मामूली चोटें आईं। साथ ही, युवा कांग्रेस के कुल 63 कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।

त्रिपुरा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नील कमल साहा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शहर में आयोजित आंदोलन के दौरान सीआरपीएफ के जवानों ने युवा कांग्रेस के नेताओं और समर्थकों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें हमारे सात कार्यकर्ता घायल हो गए। हम सीआरपीएफ के जवानों की भूमिका की कड़ी निंदा करते हैं क्योंकि उन्होंने पुलिस अधिकारियों के किसी आदेश के बिना हमारे समर्थकों पर लाठियां बरसाईं।’’

इस संबंध में संपर्क किए जाने पर पश्चिम अगरतला थाने के प्रभारी अधिकारी राणा चटर्जी ने कहा कि युवा कांग्रेस के आंदोलन के दौरान केवल दो लोगों को मामूली चोटें आईं।

उन्होंने कहा, ‘‘कानून का उल्लंघन करने के आरोप में युवा कांग्रेस के कुल 63 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। सभी को शाम में रिहा कर दिया गया।’’

साहा ने कहा, ‘‘सीआरपीएफ जवानों के लाठीचार्ज में हमारे दो कार्यकर्ताओं के सिर में चोट लगी है। ऐसा लगता है कि अब हम युवाओं के हित में अपनी आवाज भी नहीं उठा सकते।’’

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज करने वाले सीआरपीएफ के एक अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगी।

साहा ने कहा, ‘‘हम उस सीआरपीएफ अधिकारी की पहचान कर चुके हैं जिसने शांतिपूर्ण रैली के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पिटाई की थी। हम अपने वरिष्ठ नेताओं से इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और कल उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।’’

भाषा राखी नोमान

नोमान