जयपुर, 15 जून (भाषा) राजस्थान के टोंक जिले में बनेठा थाना क्षेत्र के सुरेली रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक युवक और युवती ने सवाई माधोपुर से जयपुर जा रही ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बनेठा थानाधिकारी भागीरथ सिंह ने बताया कि सुरेली रेलवे स्टेशन पर दो लोगों के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो दोनों के शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिले।
चूंकि मामला रेलवे क्षेत्राधिकार का था, इसलिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) सत्यनारायण चौधरी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जीआरपी सहायक उप-निरीक्षक सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान सुरेली पंचायत के सूरज्याभैरू गांव निवासी विमल गुर्जर (26) और नयागांव (चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र) निवासी मनचिता गुर्जर (24) के रूप में हुई है। मनचिता के पिता का नाम रूपनारायण गुर्जर और पति का नाम राजेश गुर्जर था।
सहायक उप-निरीक्षक ने बताया कि दोनों रविवार रात को मोटरसाइकिल से सुरेली स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने स्टेशन पर मोटरसाइकिल खड़ी की और सोमवार सुबह ट्रेन के आगे कूद गए। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रेम प्रसंग का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत