कोलकाता, 15 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार ने अभिनेता राहुल बनर्जी की मौत की जांच राज्य के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) को सौंपने का फैसला किया है।
अभिनेता के परिजन और फिल्म जगत से जुड़े लोग लंबे समय से मामले की विस्तृत जांच की मांग कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पूर्व मेदिनीपुर जिला पुलिस को मामले को सीआईडी को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने रविवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हाल में ओडिशा के उदयपुर में एक फिल्म अभिनेता की मौत हुई थी। वहां की सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर जांच शुरू की। मैंने पूर्व मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि वह पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के माध्यम से तुरंत प्रस्ताव गृह सचिव को भेजें ताकि सीआईडी इस मामले की जांच अपने हाथ में ले सके।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिनेता के परिजनों ने इस घटना के संबंध में पहले ही मामला दर्ज कराया था, जिसे शुरुआत में अस्वाभाविक मृत्यु का मामला माना गया था।
राहुल बनर्जी की 29 मार्च को दीघा में एक बांग्ला टेलीविजन धारावाहिक की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर डूबने से मौत हो गई थी।
बनर्जी की मौत के बाद परिजनों, सहकर्मियों और टॉलीगंज फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों ने मामले की गहन जांच की मांग की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय तक पानी के भीतर फंसे रहने के कारण दम घुटने से बनर्जी की मौत हुई थी।
मुख्यमंत्री ने राज्य के समुद्री तटों पर पर्यटकों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई उपायों की भी घोषणा की। इनमें दीघा और आसपास के समुद्र तटों पर तैनात लाइफगार्ड की संख्या बढ़ाना शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान में दीघा तटीय क्षेत्र में केवल 63 लाइफगार्ड तैनात हैं। हम नहीं चाहते कि भविष्य में ऐसी कोई दुखद घटना दोबारा हो। सरकार दीघा और अन्य तटीय इलाकों में लाइफगार्ड की संख्या बढ़ाने के लिए कदम उठाएगी।’’
भाषा राखी सुभाष
सुभाष