Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

मप्र के नर्मदापुरम में एसयूवी दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत, दो घायल

नर्मदापुरम, 15 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) के सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट जाने से एक दंपति और उनके आठ साल के बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक राजन ने 'पीटीआई-भाषा' को फोन पर बताया कि यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर पिपरिया थाना क्षेत्र के मटकुली-पिपरिया मार्ग पर उस समय हुई जब वाहन तामिया से मटकुली की ओर जा रहा था।

उन्होंने बताया कि घायलों की पहचान आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) के रूप में हुई है, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एएसपी ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रदीप धुर्वे (42), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे (38) और उनके बेटे अक्षत धुर्वे (8) के अलावा समानापुर के पंचम ठाकुर (55) और कुलदीप ठाकुर (40) के रूप में हुई है।

राजन ने कहा कि परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि एसयूवी (बोलेरो) की गति बहुत तेज थी।

उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, एसयूवी तामिया से मटकुली जा रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल से बचने की कोशिश में उसके चालक ने कथित तौर पर नियंत्रण खो दिया।

उन्होंने कहा कि इसके बाद बोलेरो वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट गया।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय निवासी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा

ब्रजेन्द्र रवि कांत