Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

राजस्थान में मंगलवार से चलेगा अतिसार के खिलाफ अभियान

जयपुर, 15 जून (भाषा) राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अतिसार (डायरिया) की रोकथाम, उपचार और जन-जागरुकता के लिए 16 जून से राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, 16 जून से 31 जुलाई तक चलने वाले ‘स्टॉप डायरिया कैंपेन’ के तहत विशेष रूप से पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में अतिसार की रोकथाम, समय पर उपचार, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि देश में अतिसार आज भी बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी एक गंभीर चुनौती बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि गर्मी और बरसात के मौसम में बच्चों में दस्त रोग के मामले अधिक सामने आते हैं और समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार राज्यभर में यह अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के दौरान ‘‘स्वच्छ जल, समुचित उपचार — डायरिया से बचें हर बार’’ विषय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राठौड़ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अतिसार की रोकथाम और उपचार से संबंधित सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। विभिन्न विभागों और संबंधित क्षेत्रों के समन्वय से अतिसार की रोकथाम, प्रबंधन और प्रभावी उपचार संबंधी उपायों को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान अवधि के दौरान विभागीय समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा आमजन को जागरुक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत