Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

वेदांता समूह की चार कंपनियां बाजार में सूचीबद्ध, बिकवाली का रहा दबाव

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) वेदांता समूह की चार अलग की गई कंपनियों- वेदांता एल्युमिनियम मेटल, वेदांता पावर, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता आयरन एंड स्टील ने सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में अपने सफर की शुरुआत की।

बीएसई पर वेदांता एल्युमिनियम मेटल का शेयर 527 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, लेकिन बाद में यह पांच प्रतिशत गिरकर 500.65 रुपये के निचले सर्किट पर आ गया।

वेदांता पावर का शेयर 41.30 रुपये पर सूचीबद्ध होकर 43.35 रुपये तक चढ़ गया। लेकिन कारोबार के अंत में 0.84 प्रतिशत नुकसान के साथ 40.95 रुपये पर बंद हुआ।

वेदांता ऑयल एंड गैस 39 रुपये के भाव पर खुला और पांच प्रतिशत गिरकर 37.05 रुपये के निचले सर्किट तक पहुंच गया।

वहीं, वेदांता आयरन एंड स्टील का शेयर 22.25 रुपये पर सूचीबद्ध होकर 5.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21.05 रुपये पर बंद हुआ।

वेदांता लिमिटेड से अलग होकर गठित इन चारों कंपनियों के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर भी सूचीबद्ध हुए। वेदांता एल्युमिनियम मेटल 522 रुपये, वेदांता पावर 41.80 रुपये, वेदांता ऑयल एंड गैस 38 रुपये और वेदांता आयरन एंड स्टील 20 रुपये प्रति शेयर पर खुले। हालांकि, सत्र के अंत में अधिकांश शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

वेदांता ने कहा कि अलग कंपनियों के रूप में सूचीबद्ध करने का कदम कारोबार को क्षेत्र-विशेष पर केंद्रित कर मूल्य बढ़ाने और स्वतंत्र इकाइयों को मजबूत बनाने की रणनीति का हिस्सा है।

वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने चार कंपनियों की सूचीबद्धता को ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा, ‘‘भविष्य की अर्थव्यवस्था में खनिज, धातु और ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ेगी और नई कंपनियां इस मांग-आपूर्ति अंतर को कम करने में अहम भूमिका निभाएंगी।’’

बीएसई पर बाजार पूंजीकरण के लिहाज से वेदांता एल्युमिनियम मेटल का मूल्यांकन करीब 1.95 लाख करोड़ रुपये, वेदांता पावर का 16,013 करोड़ रुपये, वेदांता ऑयल एंड गैस का 14,487 करोड़ रुपये और वेदांता आयरन एंड स्टील का 8,231 करोड़ रुपये रहा।

समूह की प्रमुख सूचीबद्ध कंपनी वेदांता लिमिटेड पहले की तरह बनी रहेगी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय