Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

जनसेना पार्टी का दक्षिणी राज्यों में विस्तार करना चाहते हैं: नांदेडला मनोहर

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) केंद्र और आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी जनसेना पार्टी (जेएसपी) ने सोमवार को कहा कि वह अन्य दक्षिणी राज्यों में ‘‘स्वाभाविक’’ तरीके से अपना विस्तार करना चाहती है।

पार्टी ने परिसीमन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले राजग के फैसले के साथ खड़े रहने की बात दोहराई।

जेएसपी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के खाद्य मंत्री नादेंडला मनोहर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारी आकांक्षाएं क्षेत्रीय हैं, लेकिन हमारी सोच राष्ट्रीय है। हम अन्य दक्षिणी राज्यों में पार्टी का विस्तार करना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी तेज गति से विस्तार का दावा नहीं कर रही है और प्रत्येक राज्य के लिए अलग रणनीति तैयार करनी होगी।

अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण द्वारा 2014 में स्थापित जेएसपी के वर्तमान में आंध्र प्रदेश में तीन सांसद, 21 विधायक और तीन विधान परिषद सदस्य हैं।

परिसीमन के मुद्दे पर मनोहर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिए जाने वाले किसी भी निर्णय का समर्थन करेगी।

उन्होंने कहा कि जेएसपी युवाओं को राजनीतिक मंच देने और उनकी आवाज को उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वह दिल्ली में ‘‘राष्ट्रीय एकीकरण के लिए जनसेना की यात्रा’’ विषय पर आयोजित बैठक से इतर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

बैठक में जिन मुख्य विषयों पर चर्चा हुई, उनमें ‘विकसित भारत 2047’ की ओर भारत की प्रगति में प्रधानमंत्री मोदी का योगदान, आंध्र प्रदेश के विकास का सफर, जनसेना की 12 साल की यात्रा और ‘जेन-जेड’ के लिए एक राजनीतिक मंच तैयार करना शामिल था।

इस बीच, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण मंगलवार को कई केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर आंध्र प्रदेश के लंबित परियोजनाओं पर चर्चा करेंगे।

भाषा राखी धीरज

धीरज