नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) दिल्ली सरकार ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में ‘सेवा पर्व’ तक 70 लाख पौधे लगाने के लिए ‘वृहद वृक्षारोपण अभियान 2026’ अगले हफ्ते शुरू करेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, वृक्षारोपण अभियान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भी भागीदारी करने की संभावना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में अभियान की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के पहले चरण की शुरुआत डिजिटल माध्यम से 22 जून को की जाएगी और इस अवसर पर ‘ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव’ पोर्टल और अभियान के आधिकारिक वीडियो को भी जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए ‘वृक्ष रथ’ संचालित किए जाएंगे, जो कॉलोनियों, आवासीय परिसरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आरडब्ल्यूए, धार्मिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों तक निःशुल्क पौधे पहुंचाएंगे।
बयान में कहा गया है कि 22 जून से चार जुलाई तक अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और सामुदायिक समूहों के साथ संवाद स्थापित कर अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।
इसके मुताबिक, अभियान का दूसरा चरण जुलाई के प्रथम सप्ताह में ‘वृहद रिज वृक्षारोपण अभियान’ के रूप में आयोजित किया जाएगा और दिल्ली रिज क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर पारिस्थितिकी-पुनर्स्थापन वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसी दिन लगभग 2.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
बयान में कहा गया है कि अभियान का तीसरा चरण जुलाई के मध्य में जन-भागीदारी आधारित वृहद पौधारोपण कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा।
इसमें कहा गया है , “यह अभियान 70 विधानसभा क्षेत्रों और 13 जिलों में चलाया जाएगा और ‘सेवा पर्व’ तक दिल्ली में 70 लाख पौधारोपण के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।”
सेवा पर्व राष्ट्रव्यापी अभियान है जो प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन) से दो अक्टूबर (गांधी जयंती) तक मनाया जाता है।
बयान के अनुसार कोई भी व्यक्ति मोबाइल नंबर, नाम और पते के माध्यम से ‘ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव‘ पोर्टल पर पंजीकरण कर सकता है। इसके बाद, वह निःशुल्क पौधा प्राप्त कर सकता है।
भाषा नोमान नोमान सुभाष
सुभाष