Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दोहा डायमंड लीग के जरिये वापसी करेंगे नीरज चोपड़ा

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) फिट हो चुके भारत के भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग के जरिये प्रतिस्पर्धा में वापसी करेंगे ।

तोक्यो ओलंपिक 2020 चैम्पियन और पेरिस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता चोपड़ा ने 2025 विश्व चैम्पियनशिप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद प्रतिस्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया है ।

उनकी प्रबंधन फर्म वेल स्पोटर्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा ,‘‘ 2026 का पहला थ्रो दोहा में । नीरज चोपड़ा 19 जून को प्रतियोगिता में वापसी करेंगे ।’’

दोहा डायमंड लीग में भालाफेंक की प्रविष्टियों में चोपड़ा का नाम शामिल है जबकि 12 जून को जारी सूची में उनका नाम नहीं था । उन्होंने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में 90 मीटर का आंकड़ा पारी किया था ।

हरियाणा के 28 वर्ष के चोपड़ा इस समय स्विटजरलैंड के बियेने में अपने फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी के साथ 47 दिन के आफ सीजन अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं ।

आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिये रविवार को घोषित भारतीय एथलेटिक्स टीम में भी चोपड़ा का नाम सशर्त शामिल किया गया है । उन्हें इसके लिये भारतीय एथलेटिक्स महासंघ का 82 . 61 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करना होगा ।

अगर वह ग्लास्गो में अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेते हैं तो भारत के तीन भालाफेंक खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे । रोहित यादव और यशवीर भारतीय एथलेटिक्स सीरिज 9 के जरिये क्वालीफाई कर चुके हैं ।

दोहा डायमंड लीग में मौजूदा विश्व चैम्पियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट और हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92 . 62 मीटर का थ्रो फेंकने वाले श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे भाग लेंगे । पेरिस ओलंपिक चैम्पियन पाकिस्तान के अरशद नदीम का नाम सूची में नहीं है ।

ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (सत्र का सर्वश्रेष्ठ 86 . 08 मीटर) अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन (85.33 मीटर), चेक गणराज्य के याकूब वालेश (85.24 मीटर) के नाम प्रतियोगियों की सूची में हैं ।

चोपड़ा ने दोहा में 90 . 23 मीटर का थ्रो फेंका था लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर ने छठे और आखिरी थ्रो में 91 . 06 मीटर फेंककर खिताब जीता।

भाषा

मोना सुधीर

सुधीर