Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

अरुणाचल के पश्चिम कामेंग जिले में मोबाइल नेटवर्क सुदृढ़ करने के लिए सेना और एयरटेल के बीच समझौता

ईटानगर, 15 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले के दूरदराज क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए भारतीय सेना और दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि इस समझौते का उद्देश्य उन क्षेत्रों में डिजिटल खाई को पाटना है, जो पिछले एक दशक से अधिक समय से संपर्क सुविधाओं से वंचित रहे हैं। यह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र की एक अहम विकासात्मक आवश्यकता को भी पूरा करेगा।

उन्होंने कहा, “यह पहल सैन्य-नागरिक एकीकरण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

अधिकारी के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय निवासियों को सरकारी योजनाओं, डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और वित्तीय समावेशन जैसी आवश्यक सुविधाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे नए सामाजिक और आर्थिक अवसर पैदा होंगे।

अधिकारी के अनुसार, रणनीतिक दृष्टि से उन्नत नेटवर्क अवसंरचना अग्रिम क्षेत्रों में तैनात भारतीय सेना के जवानों की परिचालन क्षमता को भी सुदृढ़ करेगी। इससे निर्बाध संचार सुविधा उपलब्ध होगी और रसद समन्वय को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा

मनीषा