Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

पलानीस्वामी ने सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर 'जघन्य अपराधों' में शामिल होने का आरोप लगाया

चेन्नई, 14 जून (भाषा) अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने रविवार को आरोप लगाया कि जिस दिन से टीवीके सरकार सत्ता में आई है उस दिन से सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं की “जघन्य अपराधों” में संलिप्तता बढ़ती जा रही है।

खबरों का हवाला देते हुए ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) नेता ने सोशल मीडिया मंच पर कहा, “यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के एक पदाधिकारी मणिकंदन को कई महिलाओं के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने और रिकॉर्ड किए गए वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है; मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, सत्ताधारी पार्टी के इस कार्यकर्ता का शिकार 50 से अधिक महिलाएं बनी हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया, “इसी तरह चेन्नई के अलंदूर में टीवीके का एक और कार्यकर्ता वेम्बुली कथित तौर पर फरार है और यौन उत्पीड़न के मामले में उसे अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है।”

उन्होंने आरोप लगाया, “जब मौजूदा मुख्यमंत्री (सी. जोसेफ विजय) ने पद संभाला था तो उन्होंने घोषणा की थी कि सभी की तरक्की होगी। क्या उनका यही मतलब था? नागरिक कैसे तरक्की कर सकते हैं जब सत्ताधारी पार्टी के ही पदाधिकारियों के हाथों महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं? ऐसा लगता है कि इस सरकार में आपकी पार्टी के अपराधी ही असल में तरक्की कर रहे हैं।”

उन्होंने सरकार से मांग की कि यौन उत्पीड़न के मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, जो पूरी तरह से राजनीतिक दखल से मुक्त हो, और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत