Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए राजग से अलग होगी टीएमसी-एम : जी. के. वासन

चेन्नई, 14 जून (भाषा) तमिल मानिला कांग्रेस-मूपनार (टीएमसी-एम) ने स्वतंत्र रूप से अपने जमीनी संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने की घोषणा की।

तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) कर रही है। गठबंधन में अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके), पट्टालि मक्कल काची (अंबुमणि) और जी. के. वासन की टीएमसी-एम भी शामिल हैं।

पार्टी की कार्यकारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वासन ने कहा कि राजग से अलग होने का फैसला पूरी तरह सौहार्दपूर्ण तरीके से लिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्नाद्रमुक सहित पूर्व सहयोगियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बने रहेंगे।

वासन ने कहा, ‘‘यह चुनाव का समय नहीं है और यह फैसला केवल हमारे जिला अध्यक्षों तथा राज्य स्तरीय पदाधिकारियों से मिली व्यापक प्रतिक्रिया के आधार पर लिया गया है। उनका मानना है कि पार्टी को अपनी अलग पहचान के साथ काम करते हुए अपने संगठनात्मक आधार को फिर से मजबूत करना चाहिए।’’

वासन ने कहा कि पिछले 12 वर्षों की लगातार गठबंधन राजनीति के कारण पार्टी की स्वतंत्र संगठनात्मक शक्ति कमजोर हुई है और कार्यकर्ताओं की जमीनी गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में इस संबंध में हुई बैठक में 600 में से 450 से अधिक पदाधिकारियों ने प्रत्यक्ष और लिखित रूप से अपनी राय दी, जिनमें से अधिकांश ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर पार्टी के स्वतंत्र रूप से काम करने का समर्थन किया।

संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए वासन ने पार्टी की पिछली चुनावी रणनीति पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पूर्व के चुनावों में सहयोगी दल के लोकप्रिय चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने की बाध्यता पूरी तरह निर्वाचन आयोग के तकनीकी दिशा-निर्देशों और नियमों के कारण थी, न कि किसी बाहरी दबाव की वजह से।

वासन ने स्पष्ट किया कि हालांकि चुनावों के दौरान गठबंधन जरूरी होते हैं, लेकिन मौजूदा समय का इस्तेमाल शहरों और गांवों में पार्टी को मजबूत करने के लिए बड़े अभियान शुरू करने में किया जाएगा।

भाषा

प्रचेता सुरेश

सुरेश