Breaking News

जम्मू कश्मीर के सोपोर में AK-47, हैंड ग्रेनेड समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद     |   मुंबई में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, अंधेरी सबवे बंद     |   यूरोप में भीषण गर्मी का कहर: फ्रांस में 1,000 से अधिक लोगों की मौत, अलर्ट जारी     |   थाईलैंड में मर्डर: सूटकेस में मिली 17 साल की थाई लड़की की लाश, ऑस्ट्रेलियाई गिरफ्तार     |   पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में बरसाए बम, 34 की मौत, 40 जख्मी     |  

दिल्ली: यमुना सफाई अभियान में शामिल हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत भाजपा के नेता और कार्यकर्ता

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट सहयोगी रविवार को यहां यमुना नदी के 28 घाटों पर चलाए गये सफाई अभियान में शामिल हुए।

गीता कॉलोनी में नदी के किनारे चलाए गए इस अभियान में शामिल हुईं रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना को साफ और स्वच्छ बनाए रखने के लिए लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नदी में टूटी हुई मूर्तियां और कपड़े फेंके गए थे।

मुख्यमंत्री ने लोगों से इस तरह की चीजें नदी में नहीं फेंकने की अपील की।

यह अभियान सुबह छह बजे शुरू हुआ और पूर्वाह्न 10 बजे खत्म हुआ।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ​​भी पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ यमुना नदी के किनारे वाले इलाके में चलाये गये इस अभियान में शामिल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में हजारों नागरिकों ने हिस्सा लिया, जिनमें 500 से अधिक सामाजिक और धार्मिक संगठनों के स्वयंसेवक भी शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी की साफ-सफाई एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा और दिल्ली सरकार अलग-अलग जगहों पर ऐसे अभियान नियमित रूप से करती रहेगी, जिनमें नागरिकों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

यमुना की सफाई के लिए 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजना को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि अमृत योजना के तहत नजफगढ़ इलाके में 860 करोड़ रुपये की लागत से 12 नए विकेंद्रीकृत अवजल उपचार संयंत्र स्थापित किया जा रहे हैं, ताकि अनुपचारित जल यमुना में न बहे।

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पंकज सिंह, रविंदर इंद्रराज और दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी अलग-अलग घाटों पर इस अभियान में हिस्सा लिया।

भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, मनोज तिवारी और स्वाति मालीवाल भी पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इस अभियान में शामिल हुए।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप